गनियारी दोहरे हत्याकांड का खुलासा — दादी और पोती की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

अवैध संबंधों के खुलासे के भय से दी गई थी वारदात को अंजाम, चाकू और स्कॉर्पियो वाहन बरामद

दुर्ग । थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम गनियारी में 06 मार्च 2024 को वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी चुमेन्द्र निषाद और उसके साथी पंकज निषाद को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

6 मार्च 2024 को ग्राम गनियारी में अज्ञात आरोपी द्वारा वृद्धा और नाबालिग पोती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। दोनों के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले थे। घटना की सूचना पर एफएसएल, फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वॉड और जांच टीम मौके पर पहुंची थी। गंभीर घटना को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें राजपत्रित अधिकारी और एसीसीयू के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

जांच के दौरान टीम ने 62 संदिग्धों से पूछताछ की और उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अहमदाबाद और रायपुर में संदिग्धों का ब्रेनमैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराया गया। प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर साक्ष्य मिलने पर आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें चुमेन्द्र निषाद ने अपराध स्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि चुमेन्द्र निषाद का मृतिका (नाबालिग) से अवैध संबंध था। उसकी सगाई 19 फरवरी 2024 को हो चुकी थी। मृतिका द्वारा संबंध उजागर करने की धमकी देने पर चुमेन्द्र ने अपने साथी पंकज निषाद और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

घटना के दिन आरोपी चुमेन्द्र अपने दोस्तों के साथ उतई क्षेत्र गया और रात लगभग 1 बजे गांव लौटा। अपने भाई को दरवाजा खुलवाकर बाहर निकला और पंकज निषाद व एक अन्य साथी को व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया। साथी स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 06 ई 6666) में पहुंचे। चुमेन्द्र ने मृतिका को आवाज देकर घर से बाहर बुलाया और बहाने से शादी कर भागने की बात कही। मृतिका के इनकार करने और गर्भवती होने की आशंका पर आरोपी ने टंगीया से उसके सिर पर कई बार वार किया। चिल्लाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। आवाज सुनकर दादी उठीं तो आरोपी ने चाकू से उन पर भी हमला किया।

हत्या के बाद आरोपी ने चाकू और हाथ तालाब में धोए और साथियों को बताया कि “काम हो गया।” इसके बाद सभी अपने घर लौट गए।

जांच में पता चला कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनके विरुद्ध पहले भी आबकारी एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू, मोबाइल और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी —

  1. चुमेन्द्र उर्फ लल्ला निषाद, उम्र 23 वर्ष
  2. पंकज उर्फ पवित्र निषाद, उम्र 30 वर्ष

जप्त सामग्री —

  1. मोबाइल 02 नग
  2. चाकू 01 नग
  3. स्कॉर्पियो वाहन 01 नग

अपराध क्रमांक — 153/2024
धारा — 302, 450, 201, 120 (बी) भारतीय दंड संहिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *