
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई 7 नई ट्रेनों को हरी झंडी, छठ पूजा पर चलेंगी 12,000 स्पेशल ट्रेनें
रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय रेलवे ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस समेत सात नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
इसमें मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली जंक्शन, दरभंगा-मदार जंक्शन और छपरा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली तीन अमृत भारत ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा चार नई पैसेंजर ट्रेनें भी बिहार की रेल सेवाओं में जुड़ीं।
रेल मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नवरात्रि पर पीएम मोदी ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का उपहार दिया था और अब रेलवे के जरिए बिहार को नई सौगात मिल रही है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास हो रहा है।
छठ पूजा के लिए विशेष इंतज़ाम
रेल मंत्री ने बिहारवासियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि छठ पूजा के दौरान 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही, जरूरत पड़ने पर 150 ट्रेनें रिजर्व भी रखी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। वर्तमान में बिहार में 1 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट चल रहे हैं और हाल के वर्षों में 1,899 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है। आने वाले समय में वंदे भारत और नमो भारत जैसी हाई-टेक ट्रेनें भी बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।