दुर्ग में होटल मैनेजर पर बियर बॉटल से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चंद घंटों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई


दुर्ग। वैशाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल सेंटर प्वाइंट के मैनेजर पर बियर की बोतल से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घटना 16 अगस्त की रात सद्भावना चौक स्थित होटल सेंटर प्वाइंट में हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी विशु साहू अपने दोस्तों के साथ चिल्ली पेपर बार में शराब पीने और खाना खाने गया था। वहां उसने बार कर्मचारी से म्यूजिक सिस्टम की आवाज बढ़ाने की बात दो से तीन बार कही, लेकिन जब आवाज नहीं बढ़ाई गई तो आरोपी ने होटल मैनेजर नंदन सिंह से इस बारे में चर्चा की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर बियर की बोतल से मैनेजर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विशु साहू ने अपना जुर्म कबूल किया।

पुलिस ने आरोपी विशु साहू, निवासी कृष्णा नगर गणेश चौक सुपेला भिलाई को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *