
दुर्ग ।
जामुल थाना क्षेत्र में बोगदा पुलिया के पास लोगों को धारदार हथियार दिखाकर डराने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 27 जुलाई की रात की है, जब दो अलग-अलग समय पर हथियारों के साथ बदमाशी की सूचना पुलिस को मिली थी।
रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति बटनदार चाकू लेकर बोगदा पुलिया के पास आने-जाने वालों को डराने की कोशिश कर रहा था। वहीं रात 10 बजे एक अन्य व्यक्ति स्टील का धारदार चापड़ लेकर लोगों को धमका रहा था।
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम सागर जायसवाल, निवासी कसाई मोहल्ला छावनी और दूसरे ने आदित्य यादव उर्फ डम्पी, निवासी संग्राम चौक छावनी बताया।
पुलिस ने सागर जायसवाल के कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू और आदित्य यादव के कब्जे से स्टील का धारदार चापड़ बरामद किया।
सागर जायसवाल के खिलाफ अपराध क्रमांक 632/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा आदित्य यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 633/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक महफुज खान, आरक्षक दीपक सिंह, राधे यादव, प्रदीप सिंह और तीरथ बंजारे की विशेष भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
- सागर जायसवाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी कसाई मोहल्ला, छावनी, जिला दुर्ग
- आदित्य यादव उर्फ डम्पी, उम्र 22 वर्ष, निवासी संग्राम चौक के पास, छावनी, जिला दुर्ग