
दुर्ग । थाना छावनी पुलिस को 24 जुलाई 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भिलाई स्थित सी-मार्ट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई। मौके पर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनसे पूछताछ में उन्होंने अपने नाम (1) मो. कैफ अब्बासी निवासी कस्बा फलौदा, थाना कस्बा फलौदा, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) तथा (2) उस्मान कुरैशी निवासी कुरैशियान मोहल्ला, थाना बिनौली, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) बताया।
उनके कब्जे से एक खाकी रंग के चार पैकेट, जिसमें सेलोटेप से लिपटा हुआ नमी एवं बीज युक्त हरी पत्ती दानेदार मादक पदार्थ जैसा गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 21.393 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹2,12,000/- है। साथ ही ₹1,000/- नगद भी बरामद किया गया, जो अवैध गांजा बिक्री से अर्जित राशि है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना छावनी में अपराध क्रमांक 391/25, धारा 20(ख) एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई तथा आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है।
यह कार्यवाही ऑपरेशन विश्वास अभियान के अंतर्गत की गई, जो दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों के विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध दुर्ग पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्यवाही में छावनी थाना की टीम सहित एसीसीयू भिलाई की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता सराहनीय रही।