
▫️ यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में उठाए गए बिंदुओं पर अब कार्य शुरू हो चुका है।
▫️ नेहरू नगर चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक नेशनल हाईवे और सर्विस रोड के बीच क्रश बैरियर निर्माण के लिए एनएच विभाग ने प्रस्ताव दिल्ली भेजा है।
▫️ नेशनल हाईवे एवं सर्विस रोड के मध्य डेलीनेटर लगाने और ओवरब्रिज के आगे कंक्रीट डिवाइडर निर्माण का कार्य जारी है।
दुर्ग । जिले की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग लगातार सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में नेशनल हाईवे की अभियांत्रिक त्रुटियों को एजेंडा में शामिल कर रही है। संबंधित विभागों से समन्वय कर सुधार कार्य कराए जा रहे हैं।

कुम्हारी टोल प्लाजा से नेहरू नगर चौक तक नेशनल हाईवे और सर्विस रोड कहीं समानांतर तो कहीं ऊपर-नीचे बने हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही थीं। इस कारण दोनों मार्गों के बीच क्रश बैरियर लगाने का प्रस्ताव एजेंडा में शामिल किया गया, जिसे NH विभाग ने तैयार कर दिल्ली भेजा है। स्वीकृति के बाद दोनों मार्गों को अलग करने क्रश बैरियर का निर्माण किया जाएगा, जिससे सर्विस रोड से अचानक वाहन मुख्य मार्ग पर नहीं आ सकेंगे।
जहां-जहां ओवरब्रिज का निर्माण हुआ है, वहां पहले लोहे की जाली से बने डिवाइडर टूट चुके हैं। वहां अब कंक्रीट डिवाइडर बनाए जा रहे हैं ताकि सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों और मवेशियों से दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न फ्री बनाए जाने का निर्देश भी दिया गया था, जिसके तहत दुर्ग के कई प्रमुख चौराहों पर यह कार्य पूरा हो चुका है। भिलाई क्षेत्र का सर्वे भी किया गया है। इसके अलावा, नेशनल हाईवे पर की गई अवैध कटिंग को पूर्व में बंद कर दिया गया है।
