डूण्डेरा मोरिद रोड पर युवक की नृशंस हत्या का खुलासा, लूट का विरोध करने पर ले ली गई जान


स्कार्पियो सवार गिरोह ने की थी वारदात, 1 अपचारी सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, हथियार व वाहन जब्त

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के डूण्डेरा मोरिद रोड पर 3 जुलाई की रात हुए एक अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 20 वर्षीय युवक राजकुमार यादव, निवासी ग्राम जंजगिरी की हत्या लूटपाट का विरोध करने पर स्कार्पियो सवार आरोपियों के एक गिरोह ने कर दी थी। युवक की मौत के बाद आरोपियों ने रास्ते में हाईवा चालक से भी मोबाइल और पर्स लूट लिया था।

पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में 1 अपचारी बालक सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त चाकू और स्कार्पियो वाहन भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं फरार साथियों की तलाश जारी है।

ऐसे हुआ वारदात का खुलासा

3 जुलाई को डूण्डेरा-मोरिद रोड स्थित नहर के पास अज्ञात हमलावरों ने राजकुमार यादव पर धारदार हथियार से सिर, सीने और शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामला धारा 103 बीएनएस के तहत दर्ज कर पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

एक राहगीर ने पूछताछ में बताया कि घटना की रात उसे भी स्कार्पियो सवार युवकों ने लूटने का प्रयास किया था। वहीं मृतक के मरणासन्न कथन में भी स्कार्पियो का जिक्र था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और 1500 मोबाइल नंबरों की लोकेशन खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई।

घटना का प्लान बनाकर की थी हत्या

मुख्य आरोपी लोकेश सारथी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी राजकिशोर उर्फ छोटू, आकाश उर्फ हड्डी देवार, महाराजा देवार और उमेश टंडन के साथ स्कार्पियो में मोरिद की ओर जा रहा था। रास्ते में राजकुमार स्कूटी से मोबाइल पर बात कर रहा था, जिसे लूटने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और महाराजा ने पेचकस से, जबकि आकाश और लोकेश ने चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद गिरोह ने धौराभाठा मोड़ पर हाईवा चालक से भी लूटपाट की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से सुनसान रास्तों को चिन्हित कर वारदात को अंजाम देते थे। पैसों की जरूरत होने पर ये योजना बनाकर लूट करते थे। एक आरोपी निखिल ठाकुर ने तो घटना से पहले अपनी मां का मोबाइल 3000 रुपये में गिरवी रखकर महाराजा देवार को पैसे दिए थे।

जब्त संपत्ति

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर

  • राजकिशोर वैष्णव उर्फ छोटू से एक स्कार्पियो गाड़ी
  • लोकेश सारथी से चाकू
  • निखिल ठाकुर उर्फ विक्की चौधरी से मोबाइल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. लोकेश सारथी उर्फ भांचा (19 वर्ष), रामनगर कुम्हारी
  2. राजकिशोर वैष्णव उर्फ छोटू (20 वर्ष), रामनगर कुम्हारी
  3. उमेश टंडन (19 वर्ष), चंद्रमा चौक, खुर्सीपार
  4. निखिल ठाकुर उर्फ विक्की चौधरी, तीन दर्शन मंदिर, छावनी
  5. एक अपचारी बालक

इन सभी के खिलाफ हत्या, लूट और आपराधिक साजिश के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों की गैंग हिस्ट्रीशीट तैयार की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है

इस पूरे मामले में उतई थाना, रानीतराई पुलिस और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *