
रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज, रायपुर की एक छात्रा ने फिजियोलॉजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष सिन्हा पर यौन शोषण, छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर मौदहापारा थाना पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 75(2)(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, छात्रा कॉलेज में नियमित रूप से पढ़ाई कर रही है और डॉ. आशीष सिन्हा शुरुआत से ही उसे अपनी गंदी नजरों से घूरते थे, व्यक्तिगत और आपत्तिजनक सवाल पूछते थे, अश्लील टिप्पणियां करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
छात्रा ने बताया कि—
- 13 जुलाई 2024 को फिजियोलॉजी विभाग में आरोपी ने उसे अश्लील फोटो दिखाने की कोशिश की और जबरदस्ती पास बैठाने के लिए हाथ खींचा।
- 26 सितंबर 2024 को एक कैंसर कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉक्टर ने छोटे कपड़ों में फोटो भेजने की मांग की।
- 2 जनवरी 2025 को विभागीय कार्यक्रम के दौरान उसने छात्रा को शारीरिक रूप से छुआ।
- 10 जनवरी 2025 को आरोपी ने जबरदस्ती हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि डॉ. सिन्हा उसे बार-बार धमकाते थे कि परीक्षा में फेल कर देंगे और शिकायत करने पर उसका करियर तबाह कर देंगे। साथ ही, वे शराब पीने, अकेले कहीं चलने की जिद करते थे और लगातार अश्लील बातें कर मानसिक रूप से दबाव बनाते थे।
छात्रा ने अपने आरोपों के समर्थन में कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट्स को सबूत के रूप में पेश करने की बात कही है। वहीं सूत्रों की मानें तो आरोपी डॉक्टर डॉ. आशीष सिन्हा फिलहाल विदेश भागने की फिराक में है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।