
दुर्ग । भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4,55,000 रुपये है। गिरोह में एक महिला सहित तीन लोग शामिल हैं।
दिनांक 27.06.2025 को रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी की शिकायतें दर्ज की गई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस टीम तैनात की गई।
दिनांक 03.07.2025 को सूचना मिली कि एक महिला सिविक सेंटर, भिलाई में मोबाइल बेचने के प्रयास में है। पुलिस टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह कैंप-01, छावनी निवासी है और उसने रथ यात्रा के दिन अपने साथियों बिल्लु नौशाद व सुनील उर्फ रोहित के साथ मिलकर भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि चोरी किए गए 14 मोबाइल उसके पास हैं, जबकि 1-1 मोबाइल उसके दोनों साथियों को दिए गए हैं।
इसके आधार पर बिल्लु नौशाद और सुनील उर्फ रोहित को भी गिरफ्तार कर, तीनों आरोपियों के पास से कुल 16 मोबाइल जब्त किए गए। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सुनील उर्फ रोहित, उम्र 27 वर्ष
- बिल्लु नौशाद, उम्र 36 वर्ष
- इमला, उम्र 34 वर्ष, निवासी कैंप-01, छावनी, जिला दुर्ग
कार्यवाही में भिलाई नगर थाना व एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।