
दुर्ग, । थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी साहिल सोना और एक अपचारी बालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
प्रार्थी अजय कुमार वर्मा ने 28 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र नीरज वर्मा पर दो अज्ञात युवकों ने सर्विस रोड इंदिरा पारा भिलाई-3 के पास चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए पहले सनसाइन अस्पताल और फिर बीएम शाह अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया गया। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच में घायल का बयान लेने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चोट गंभीर पाए जाने पर धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान खुर्सीपार क्षेत्र के साहिल सोना और एक अपचारी बालक के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साहिल सोना का अपनी महिला मित्र से विवाद हुआ था, इसी रंजिश में दोनों ने नीरज वर्मा पर हाथ मुक्का और बटनदार चाकू से हमला किया।
आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी थाना खुर्सीपार में अपराध दर्ज है। कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक रामस्वरूप कुरैशिया, आरक्षक ईश्वर भारद्वाज, संजय मनहरे, बंटी सिंह और राजकुमार सिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही।
अपराध क्रमांक: 255/2025
धारा: 296, 351(2), 3(5), 109 बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट
आरोपी: साहिल सोना पिता राहुल सोन उम्र 20 वर्ष निवासी न्यू एकता नगर, जोन-2, खुर्सीपार थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) एवं एक अपचारी बालक।