
दुर्ग, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे निरीक्षक रमेश कुमार निषाद, सहायक उप निरीक्षक एलिजाबेथ कुजूर, प्रधान आरक्षक सोमनाथ साहू, भीम सिंह, बेंजामिन खलखो, श्याम शाह साहू और आरक्षक लक्ष्मण प्रसाद का सम्मान व विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा सेवानिवृत्त सभी अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने 35 से 40 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा किए।

उद्बोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने पुलिस विभाग में वर्षों तक समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया है, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग एक परिवार की तरह है और भविष्य में जब भी आवश्यकता होगी, विभाग से जुड़े सभी सेवानिवृत्त साथियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विनोद मिंज, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा समेत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
