
दुर्ग । दुर्ग कोतवाली क्षेत्र की खंडेलवाल कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 50 लाख का मशरूका बरामद किया है। बरामद सामग्री में 332 ग्राम सोना, 3 किलो 300 ग्राम चांदी और 9.76 लाख रुपये नगद शामिल हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह चोरी अंतरराज्यीय गिरोह द्वारा अंजाम दी गई थी। चोरी के बाद माल को जमीन में गाड़कर छिपाया गया था। पुलिस ने डीएसएमडी डिवाइस का उपयोग कर मशरूका बरामद किया। इस कार्रवाई में ई-साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका रही।
एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना दुर्ग की संयुक्त टीम ने 24 जून 2025 की रात महावीर कॉलोनी दुर्ग में हुई इस घटना की जांच की। अज्ञात आरोपियों ने खिड़की तोड़कर घर में घुसकर नगदी और जेवरात चोरी किए थे।
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सायबर सेल की मदद ली। फुटेज में संदिग्ध स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार दिखे। मुखबिरों की सूचना पर इनकी पहचान रंजीत डहरे और रोशन मारकंडे के रूप में हुई। दोनों को ग्राम केकराजबोड़ (खैरागढ़) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन्होंने महावीर कॉलोनी में चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी का माल आकाश सोनी (नागपुर), योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे (खैरागढ़) और रविशंकर बंजारे (राजनांदगांव) के पास छिपाकर रखा गया था। योगेश्वरी ने माल जमीन में गाड़ दिया था, जिसे डीएसएमडी से खोजकर बरामद किया गया।
पुलिस ने कुल 332.110 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो 300 ग्राम चांदी और 9.76 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
गिरफ्तार आरोपी –
- रंजीत डहरे, 30 वर्ष, ग्राम लिटिया, थाना लालबाग, राजनांदगांव।
- रोशन मारकंडे, 23 वर्ष, मिनीमाता नगर, थाना कलमना, नागपुर।
- योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे, 32 वर्ष, केकराजबोड़, थाना जालबांधा, खैरागढ़।
- रविशंकर बंजारे, 32 वर्ष, लखौली, थाना कोतवाली, राजनांदगांव।
- आकाश मन्नालाल सोनी, 28 वर्ष, मिनीमाता नगर, थाना कलमना, नागपुर।
इस कार्रवाई में एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना दुर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।