
दुर्ग। बारिश के मौसम में बिजली से करंट लगने का खतरा बढ़ जाता है। बिजली के खंभों, एचटी लाइन, तारों और घरों में करंट की वजह से कई बार हादसे होते हैं, जो जानलेवा भी साबित होते हैं। इसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता और जानकारी का अभाव है। ऐसे हादसों से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
बिजली विभाग ने जनता को आगाह करते हुए कहा है कि जरा सी असावधानी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। विद्युत लाइनों, ट्रांसफॉर्मर और बिजली उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें।
यदि आंधी-तूफान या बारिश में बिजली के खंभे, तार या ट्रांसफॉर्मर टूट जाएं तो तुरंत इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1912, ‘मोर बिजली’ ऐप या नजदीकी वितरण केंद्र अथवा जोन कार्यालय में दें। बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफॉर्मर से दूर रहें। किसी भी क्षतिग्रस्त लाइन या उपकरण को न छुएं।
जहां बिजली के तार हों, वहां बारिश के पानी में करंट फैलने की संभावना रहती है, इसलिए ऐसे स्थानों पर न चलें और न तैरें। बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय सुनिश्चित करें कि पैर सूखे हों और रबर या प्लास्टिक के जूते पहने हों। बरसात के मौसम में सतर्क रहकर ही हादसों से बचा जा सकता है। विभाग ने कहा कि बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या में तुरंत संपर्क करें और पूरी सतर्कता बरतें।