
दुर्ग। महिला रक्षा टीम दुर्ग द्वारा ऑपरेशन विश्वास के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक शाला बघेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और नागरिकों को नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्टिंग से बचाव के उपाय बताए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्मश्री तंवर ने छात्रों को सोशल मीडिया सुरक्षा, महिला अपराध, पास्को एक्ट और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करें और मोबाइल में 112, 9479192099 और 1930 जैसे जरूरी नंबर सेव रखें।
उप पुलिस अधीक्षक ममता अली शर्मा ने छात्रों को जीवन की समस्याओं से डरने की बजाय अपने माता-पिता और शिक्षकों से साझा करने की सलाह दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

सहायक उपनिरीक्षक संगीता मिश्रा ने अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी और स्कूल स्टाफ समेत सभी को ऐप डाउनलोड कराया। कार्यक्रम में शाला समिति के अध्यक्ष, सदस्य, जनप्रतिनिधि, डॉ. यामिनी और महिला रक्षा टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।