आपातकालीन हालात में बचाव के लिए फायर एक्सटिंग्विशर प्रशिक्षण सम्पन्न


दुर्ग। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशन में 18 जून 2025 को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय परिसर में “फायर एक्सटिंग्विशर उपयोग एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता” विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यालयीन कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावशाली प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना था। सत्र का संचालन भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्निशमन सेवा टीम ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों के विभिन्न प्रकारों — वाटर बेस्ड, फोम बेस्ड, ड्राई केमिकल पाउडर, कार्बन डाइऑक्साइड, स्पेशल टाइप और क्लीन एजेंट — की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और वर्गीकरण की विस्तृत जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि किस प्रकार की आग पर कौन-सा यंत्र उपयुक्त होता है और उसका प्रभावी उपयोग कैसे सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही, अग्निशमन यंत्रों के चयन, रखरखाव और सुरक्षा संबंधी सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि उपकरणों का सही समय पर इस्तेमाल किया जा सके।

प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को अग्निकांड की स्थिति में आत्मरक्षा एवं दूसरों की सहायता करने का आत्मविश्वास और जानकारी प्राप्त हुई। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।

प्रशिक्षण के समापन पर अग्निशमन सेवा की टीम को उनके विशेषज्ञ मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें स्टेनो, उपनिरीक्षक, रीडर और पीआरओ सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *