
दुर्ग। दीगर प्रांत से अवैध शराब तस्करी कर बस्तर में खपत करने वाले गिरोह के तीन शातिर तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विशेष अभियान “End to End” कार्रवाई के तहत इस तस्करी चेन को तोड़ते हुए पुलिस ने लगभग ₹30,52,000 मूल्य की संपत्ति जब्त की है जिसमें मध्यप्रदेश निर्मित 48 पेटी गोवा ब्रांड अंग्रेजी शराब, एक इनोवा कार, एक टोयोटा कार, 02 आईफोन, 02 ओप्पो मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति मध्यप्रदेश से इनोवा कार में शराब लाकर बस्तर, जगदलपुर में बिक्री करता है। सूचना के आधार पर स्मृति नगर स्थित मनोहर चाय के पास किराए के मकान में दबिश दी गई, जहां शौर्य सिंह नामक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसके पास से इनोवा CG 07 AX 8919 और टोयोटा DL 7 CG 6675 से कुल 46 पेटी गोवा शराब जब्त की गई। पूछताछ पर उसने बताया कि शराब म.प्र. से लाकर लोहांडीगुड़ा (बस्तर) में बेचने की योजना थी। थाना सुपेला, चौकी स्मृति नगर में अपराध क्रमांक 654/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
“End to End” रणनीति के तहत पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए शौर्य सिंह को साथ लेकर लांजी रोड काली माटी भेजा, जहां उसे पूर्व की तरह शराब लेने के लिए फोन कराया गया। वहां आए रामनिवास रावत को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पूछताछ में रामनिवास ने बताया कि वह शौर्य सिंह से शराब लेकर आ रहा था।
इसके बाद पुलिस ने शौर्य सिंह को साथ लेकर कोण्डागांव के पास एक इनोवा कार में 20 पेटी एप्पी फ्रीज शराब रखी और उसे चादर से ढक दिया। जब शराब खरीदने वाला तुलसीराम सेठिया इनोवा के पास आया, तो उसे भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि एक सप्ताह पहले भी 30 पेटी गोवा शराब शौर्य सिंह से खरीदी थी, जिसमें से 2 पेटी शराब अभी भी उसके घर में रखी हुई थी, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- शौर्य सिंह, निवासी सेक्टर-07, दुर्ग
- रामनिवास रावत, निवासी थाना पुरानी छावनी, ग्वालियर (म.प्र.)
- तुलसीराम सेठिया, निवासी लोहांडीगुड़ा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उक्त कार्रवाई में इनकी रही भूमिका:
उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु, प्रआर अनुप सिंह, आरक्षक सविंदर सिंह, हर्षित शुक्ला, कमल परगनिहा, निरीक्षक तापेश नेताम (सायबर थाना प्रभारी दुर्ग रेंज), थाना प्रभारी भानपुरी निरीक्षक हर्ष धुरंधर (जिला बस्तर)।