राजनांदगांव में फैक्ट्री मजदूर की गला रेतकर हत्या, कमरे में ताला जड़कर फरार हुआ आरोपी, तीन दिन बाद बदबू से हुआ खुलासा



राजनांदगांव। जिले के टेड़ेसरा स्थित एक फैक्ट्री के लेबर आवास में बुधवार को एक मजदूर की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की धारदार हथियार से गर्दन पर कई वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसके कमरे में बाहर से ताला लगा दिया गया था।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पिछले तीन वर्षों से टेड़ेसरा स्थित पीएस स्टील फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। वह फैक्ट्री परिसर में बने लेबर क्वार्टर के एक कमरे में अकेला रहता था।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र तीन दिन से फैक्ट्री नहीं गया था और उसके कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। अन्य मजदूरों को लगा कि वह अपने गांव चला गया होगा। लेकिन बुधवार सुबह उसके कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे संदेह हुआ। मजदूरों ने जब ताला तोड़ा, तो अंदर धर्मेंद्र की लाश खून से सनी हुई हालत में जमीन पर पड़ी मिली।

घटना की सूचना तुरंत सोमनी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक अनुमान हत्या की साजिश के तहत घटना को अंजाम दिए जाने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *