प्रतिबंधित नशीली दवाओं का नेटवर्क ध्वस्त, चार आरोपी गिरफ्तार


सेलूद-पाटन रोड से दो तस्कर गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर संचालक भी निकला शामिल

              -०-

दुर्ग । जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सेलूद से पाटन मार्ग पर मानिकचौरी मोड़ के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे हैं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर कृष्णा यादव व अजय यादव को पकड़ा गया। कृष्णा यादव के कब्जे से एक बैग में रखे गए 960 नग Proxiohm Spas कैप्सूल, 30 नग Alprazolam .5 mg टेबलेट, एक एक्टिवा वाहन, 300 रुपये नकद व मोबाइल फोन बरामद किया गया। अजय यादव के कब्जे से 240 नग Proxiohm Spas कैप्सूल, 38 नग Alprazolam .5 mg टेबलेट, 500 रुपये नकद व मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि पाटन के पुराने बस स्टैंड पर इटली दोसा बनाने वाला मनोज डोंगरे उन्हें नशीली दवाएं सप्लाई करता है। इसके बाद मनोज डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने सिन्हा मेडिकल स्टोर्स, पाटन से दवाएं खरीदकर अधिक मुनाफे के लिए सप्लाई करना स्वीकार किया।

मनोज डोंगरे के पास से 20 नग Alprazolam टेबलेट बरामद किए गए। तत्पश्चात ड्रग इंस्पेक्टर जागेश्वरी साहू के सहयोग से सिन्हा मेडिकल स्टोर्स पर रेड कर संचालक गोवर्धन सिन्हा को पकड़ा गया, जिसने बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री स्वीकार की। स्टोर से 300 नग Alprazolam .5 mg टेबलेट एवं 2,000 रुपये बिक्री की रकम जब्त की गई।

कुल बरामद नशीली सामग्री और नकदी का मूल्य लगभग 79,499 रुपये आंका गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 22(क), 27(क) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. कृष्णा यादव, उम्र 21 वर्ष
  2. अजय यादव, उम्र 21 वर्ष
  3. मनोज डोंगरे, उम्र 27 वर्ष
  4. गोवर्धन लाल सिन्हा, उम्र 45 वर्ष

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी विपिन रंगारी, ड्रग इंस्पेक्टर जागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सउनि नेमन सिंह साहू, प्रआर महेश देवांगन, प्रआर कौशल साहू, आरक्षक दुष्यंत लहरे, राजीव दुबे, ध्रुव नारायण, सुरेन्द्र चौहान, मुकेश यादव, मनोज सिन्हा एवं कमल साहू की सराहनीय भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *