
भोपाल । मध्य प्रदेश के भोपाल से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में 25 जनवरी को टीचर द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ और किस करने का मामला सामने आया है। इस घटना से परेशान छात्रा ने घर आकर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बारे में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी एक कॉन्वेंट स्कूल में 11वीं क्लास की छात्रा थी। वह करीब छह सालों से उस स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। 25 जनवरी को स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब छात्रा क्लास से बाहर जा रही थी, तब नीतेश नाम के एक टीचर ने उसे अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे किस कर लिया था।
छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कुछ नहीं बोल सकी और किसी तरह वह उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची। घर जाकर उसने किसी से बात नहीं की और कुछ देर बाद जहर खा लिया। जब छात्रा की तबीयत बिगड़ी तो घर वाले उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने अंतिम समय में उन्हें पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, छात्रा से छेड़छाड़ की यह पूरी घटना स्कूल की एक महिला टीचर ने देख ली थी, लेकिन वह चुप रही। घटना के बाद से आरोपी टीचर फरार है।
छात्रा के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। लड़की के पिता अब अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।