
नोएडा । नोएडा पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो एक प्ले स्कूल का मालिक है। आरोपी ने अपने प्ले स्कूल में टीचरों के बाथरूम में एक हिडन कैमरा लगा रखा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को नोएडा के सेक्टर 70 से गिरफ्तार किया है।
आरोपी नवनिश सहाय, निवासी कंचनजंगा टावर कौशांबी गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने एक किराये की बिल्डिंग में एक प्ले स्कूल खोल रखा है। यह स्कूल इसने माह अप्रैल 2024 से प्रारंभ किया था।
आरोपी ने एक कैमरा ऑनलाइन मंगवाया था, जो एक हिडन कैमरा था। इस कैमरे में किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग नहीं होती थी, लेकिन यह आरोपी की लाइव फीड देख सकता था। आरोपी ने इस कैमरे को बल्ब के होल्डर में लगवाकर दीवार पर लगा दिया था, जिससे इसकी जानकारी गार्ड व अन्य किसी को नहीं थी।
एक टीचर को इस मामले में शक हुआ और उन्होंने इसकी जांच पड़ताल की। उसके बाद उसने पुलिस को एक शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उन्हें बाथरूम से वह हिडन कैमरा मिल गया। पुलिस के आने के बाद से ही यह आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने इस आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया था। उन्होंने इसे इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की सहायता से गिरफ्तार किया है।