
कांकेर । कांकेर जिले में बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया। यह घटना हेटारकसा गांव की सड़क पर पानीडोबीर कैंप के पास हुई। बीएसएफ जवान बी ईश्वर राव के हाथ और चेहरे पर मामूली चोटें आईं। उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 9.30 बजे हुई। एलेसेला ने बताया कि सुरक्षाबलों के दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। दल जब हेटारकसा गांव की सड़क पर पानीडोबीर कैंप के करीब था तब उन्हें वहां बारूदी सुरंग होने की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि जब बारूदी सुरंग को निष्क्रिय किया जा रहा था तब वह फट गया, जिससे बीएसएफ जवान बी ईश्वर राव के हाथ और चेहरे पर मामूली चोटें आईं। अधिकारी ने बताया कि घायल जवान का प्रारंभिक उपचार किया गया और बेहतर चिकित्सा के लिए उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।