
सुकमा । सुकमा जिले में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है, जिसमें एक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई और शव को गांव के पास फेंक दिया गया। दूसरे ग्रामीण को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। नक्सलियों ने दोनों पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया है।
पहली घटना कोंटा के मेहता पंचायत के आश्रित गांव गंगराजपाड़ में हुई, जहां नक्सलियों ने दो दिन पहले एक युवक बुधरा को घर से उठा लिया था। उसे गांव के पास ही जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से मार डाला। उसका शव गांव के ही जंगल में फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गुरुवार की देर शाम पुलिस को दी।
दूसरी घटना किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा के आमापेंटा निवासी कोम्माराम गंगा (55) के साथ हुई। उनका शव गुरुवार सुबह जंगल में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि सादे कपड़े में पहुंचे नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी करने के शक में इसे मौत की सजा दी है। हालांकि मौके से किसी भी तरह का कोई नक्सली पर्चा नहीं मिला है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है।