
धमतरी । धमतरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी आकाश चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस विभाग में आरक्षक भर्ती कराने का झांसा देकर पीड़ित तुलसी राम साहू और अन्य से 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि का मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पीड़ितों का कथन लेखबद्ध किया गया और आरोपी द्वारा दिए गए इकरारनामा और चेक की छाया प्रतियां प्राप्त की गईं। आरोपी अपराध कायमी के बाद से फरार था, जिस पर 5,000 रुपये का ईनाम उद्घोषणा भी की गई थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी आकाश चंद्राकर ने पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर पीड़ितों से कुल 17.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश मरई, उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रारंभिक आरक्षक दिनेश तुरकाने, आरक्षक कुलदीप राजपूत और साजिद अली का विशेष योगदान रहा।