
कोरबा । छत्तीसगढ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना घटी। अज्ञात हमलावर ने नगर सेना में कार्यरत महिला कर्मी के घर में घुसकर उसके पति शिव प्रसाद कंवर (46 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर ने टांगी से शिव प्रसाद के गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के समय पत्नी सुक्रिता सिंह कंवर ड्यूटी पर थीं और शिव प्रसाद घर पर अकेला था। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचे और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की तलाश की जा रही है।
इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। सुक्रिता सिंह कंवर ने बताया कि वह ड्यूटी पर थीं और जब वह घर लौटीं तो उनके पति का शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला।