
रायपुर । रायपुर में AIIMS के नाभिकीय विभाग से रेडियोधर्मी डस्टबीन की चोरी हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये है। यह डस्टबीन कैंसर के इलाज से संबंधित अपशिष्ट पदार्थ के रेडिएशन को समाप्त करने के लिए उपयोग किया जाता है।
एम्स अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि चोरी हुआ रेडियोधर्मी डस्टबीन आम डस्टबीन नहीं है, बल्कि यह विशेष रूप से रेडिएशन को समाप्त करने के लिए उपयोग किया जाता है। आम जनता के संपर्क में आने पर इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता था।
थाना आमानाका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ रेडियोधर्मी डस्टबीन बरामद कर लिया गया और इसे एम्स अस्पताल नाभिकीय विभाग में सुरक्षा के साथ भिजवा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार बंजारे, भूपेंद्र कुमार पटेल और राजकुमार साहू शामिल हैं। इन आरोपियों के विरुद्ध थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 347/2024 धारा 305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलत राम पोर्ते के निर्देश पर कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी आमानाका ने अपनी टीम के साथ मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।