लातेहार में नक्सली संगठन जेजेएमपी के दो कमांडर गिरफ्तार, एके-47 और नौ कारतूस जब्त

झारखंड । लातेहार पुलिस ने मंगलवार को नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो कमांडरों खुर्शीद अंसारी और फेकू भुइयां उर्फ सर्वनाश को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक मेड इन चाइना एके-47 और नौ कारतूस जब्त किए गए। दोनों नक्सली संगठन में सब जोनल कमांडर थे।

एसपी कुमार गौरव ने बताया कि दोनों नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि नक्सलियों का दस्ता बड़ी घटना अंजाम देने के इरादे से जुटा है, जिसके बाद पुलिस ने छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में से खुर्शीद अंसारी लातेहार के पोचरा गांव का और फेकू भुइयां बालूमाथ के कुरियां गांव का रहने वाला है। फेंकू भुइयां पर लातेहार के अलावा आसपास के दूसरे जिलों में नौ और खुर्शीद अंसारी पर लातेहार के विभिन्न थाना क्षेत्र में सात नक्सली वारदात दर्ज हैं।

यह गिरफ्तारी नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले 18 सितंबर को लातेहार जिले की पुलिस ने पांच लाख के इनामी नक्सली और 13 से ज्यादा नक्सली वारदातों में वांटेड शिवराज सिंह को दुबियाही गांव में फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान गिरफ्तार किया था।

हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में झारखंड में पुलिस को कई उल्लेखनीय सफलता मिली है। 29 सितंबर को गिरिडीह जिले में 10 लाख के इनामी भाकपा माओवादी नक्सली कमांडर रामदयाल महतो उर्फ बच्चन दा ने सरेंडर किया था। जबकि, रांची में 9 दिसंबर को 20 से भी ज्यादा नक्सली वारदातों में वांटेड मुनेश्वर गंझू उर्फ विक्रम और 2 सितंबर को प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के एरिया कमांडर राहुल गंझू उर्फ खलील ने सरेंडर किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *