पिथौरा थाना क्षेत्र में लापता युवक का शव खेत में मिला

महासमुंद ।छत्तीसगढ़ के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईटार में चार दिनों से लापता एक युवक का शव गांव के खेत में गड़ा मिला। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

मृतक खिलेश्वर साहू (34) मंगलवार को घर से निकला था, लेकिन उसकी कोई खबर नहीं आई। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बुधवार को थाने में दर्ज कराई थी।

आज सुबह पीताम्बर ध्रुव के खेत में गड़े शव की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस में दी, जिसके बाद मृतक की पहचान लापता युवक के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।

परिजनों के अनुसार, मृतक खिलेश्वर का किसी से विवाद नहीं था, लेकिन अचानक हुई उसकी मौत से परिवार सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *