
सक्ती । छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फर्जी एसबीआई बैंक शाखा चल रही थी। इस मामले की शिकायत पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मालखरौदा थाना के ग्राम छापोरा में एसबीआई की फर्जी शाखा खुली हुई थी, जिसकी जानकारी स्टेट बैंक के अधिकारियों को नहीं थी। जब स्टेट बैंक के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच की, जिसमें यह शाखा फर्जी निकली। एसबीआई के अधिकारियों की शिकायत थी कि स्टेट बैंक का बड़ा बैनर लगाकर बैंक का सेटअप लगाया गया है।
जांच टीम मौके पर पहुंची तो कथित बैंक मैनेजर फरार था। शाखा में 6 कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि पत्र एवं इंटरव्यू के माध्यम से उनको एप्वॉइंट किया गया था। इस शाखा में एम्पलाई को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था।
पुलिस की टीम स्टेट बैंक की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। यह मामला ऑनलाइन ठगी और ओटीपी और पिन नंबर के नाम पर ठगी के मामलों से अलग है, जिसमें फर्जी बैंक शाखा का पर्दाफाश हुआ है।