बंदरों ने बचाई बच्ची की इज्जत, आरोपी बनाने वाला था हवस का शिकार

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक दर्दनाक घटना का खुलासा हुआ है, जहां एक युवक ने छह साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर एक टावर पर ले जाने का प्रयास किया। आरोपी युवक बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा, लेकिन इसी बीच बंदरों का एक झुंड मौके पर आ पहुंचा और आरोपी को फरार होना पड़ा।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़िता के परिवारवालों ने युवक के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

19 सितंबर की सुबह 10 बजे डौला गांव के पास छह साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक अज्ञात युवक वहां आया और बच्ची को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह पहले बच्ची का हाथ पकड़कर बड़ी मस्जिद वाली गली में ले गया, उसके बाद वह उसका हाथ पकड़कर महल पर लगे टावर पर ले गया और उसके कपड़े फाड़कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर डरा रखा था। इसी दौरान बंदरों का झुंड लड़ता हुआ टावर पर पहुंच गया। बंदरों को देखकर आरोपी बच्ची को यह धमकी देता हुआ फरार हो गया कि यदि इस घटना का किसी से जिक्र किया तो वह उसे और उसके परिवार के लोगों को जान से मार देगा।

घटना के बाद बच्ची अपने घर पहुंची और परिवार के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद बच्ची को लेकर परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उधर, जिस समय आरोपी युवक बच्ची का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जा रहा था, उसी दौरान दो गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हो गया।

पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपी युवक की तलाश कर रही है। पुलिस ने गांव के लोगों को भी सीसीटीवी फुटेज दिखाई है, जिससे आरोपी युवक की पहचान हो सके। पुलिस ने इस घटना में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *