धमतरी में दिनदहाड़े किराना दुकान संचालक से ठगी: नकली नोटों का इस्तेमाल कर बदमाश ने लगाया 2500 रुपये का चूना

धमतरी । धमतरी जिले के फरसगांव में एक अज्ञात बदमाश ने किराना दुकान संचालक को 2500 रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी ने दुकान संचालक को 500-500 रुपये का खुल्ला देने की बात कही और फिर उसे नकली नोट थमाकर मौके से फरार हो गया।

इस घटना का एक वीडियो वायरल है, जिसमें पीड़ित दुकान संचालक अपनी आपबीती बताते हुए नजर आ रहा है। मामला सिहावा थाना इलाके का है। पीड़ित दुकान संचालक का नाम दयाराम मरकाम है।

दयाराम मरकाम ने बताया कि आज सुबह एक अनजान व्यक्ति दुकान पर आया और मजदूरों को पैसे देने के बहाने पहले 3000 रुपये का खुल्ला मांगने लगा। मना करने पर उसने 2500 रुपये का खुल्ला मांगा। खुल्ला देने के बाद वह पैसे लौटाने में हिचकिचा रहा था। दोबारा कहने पर जब उसने पर्स से पैसे निकाले, तो वह नोटों को छांटने का नाटक करने लगा। आखिर में उसने शर्ट की ऊपरी जेब से पैसे निकालकर उसे दिए और तुरंत मौके से चलता बना।

सभी नोटों का सीरियल नंबर एक

इस घटना में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि बदमाश ने दुकान संचालक को जो नकली नोट थमाए थे, उन सभी का सीरियल नंबर एक ही है। लेकिन दुकान संचालक ने इस पर ध्यान ही नहीं दिया। खुल्ले लेकर मौके से जाने के कुछ देर बाद जब दुकानदार को नोटों के नकली होने का पता चला, लेकिन जब तक दुकानदार उसे पकड़ पाता, तब तक बदमाश नौ दो ग्यारह हो गया था।

इस मामले के सामने आने के बाद ग्रामीण इलाकों में नकली नोट खपाने वाले शातिर अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *