
बिलासपुर। रामानुजगंज में राजेश ज्वेलर्स में लूटपाट की वारदात सामने आई है, जिसमें तीन हथियारबंद अज्ञात लुटेरों ने दिनदहाड़े दुकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी पैसे लूट लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
लूटपाट की घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि तीन लोगों ने दुकान के संचालक पर हमला करते हुए दुकान में प्रवेश किया और जेवरात सहित नगदी पैसे लेकर फरार हो गए। लोगों ने बताया कि तीनों लुटेरे रामानुजगंज शहर से लगे झारखंड सीमा की ओर भागे हैं, जिसके बाद सीमा पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी व जवान मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पुलिस पकड़ने में सफलता हासिल करेगी।
यह घटना बीते कुछ महीने पहले ही इसी शहर में अन्य ज्वेलरी दुकान पर लूटपाट की घटना के बाद हुई है, जिससे क्षेत्रवासी समेत पुलिस भी परेशान हैं।