
सूरजपुर । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक महिला टीचर और उसके 18 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर का है। शनिवार सुबह सड़क किनारे 12वीं के छात्र सुजल बरेट का शव मिला था। पहचान के बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची, तो मकान का ताला तोड़कर अंदर जाने पर उसकी मां रजनी बरेट का शव भी बाथरूम में मिला।
रजनी शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं और तलाक के बाद अपने बेटे के साथ रहती थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल, दोनों की हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।

