
दुर्ग । दुर्ग में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने जुनवानी इलाके में चिट्टा/हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 10 हजार 200 रुपये बताई गई है, बरामद किया गया। इसके साथ ही 50 हजार रुपये कीमत का एप्पल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद मोनिस अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और फिलहाल जुनवानी में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। कुल मिलाकर पुलिस ने 2 लाख 60 हजार 200 रुपये की सामग्री जब्त की है।