
कबीरधाम::सत्येंद्र बड्डघरे:-राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्राम सिंगपुर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 25 टीमों ने हिस्सा लिया, वहीं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विजेता टीमों को नकद पुरस्कार, वरिष्ठ खिलाड़ियों को सम्मान तथा खिलाड़ियों एवं खेल समिति के सदस्यों को टी-शर्ट वितरित की गई।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनमें अनुशासन और खेल भावना विकसित करना तथा पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अखिलेश कौशिक, थाना कुकदूर प्रभारी संतोष मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खेल समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
लिमहीपुर बनी विजेता, मदनपुर दूसरे स्थान पर
कबड्डी प्रतियोगिता में लिमहीपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर 5 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। मदनपुर की टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 4 हजार रुपये, सरईसेत की टीम को तृतीय पुरस्कार के रूप में 3 हजार रुपये तथा भेड़ागड़ की टीम को सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 2 हजार रुपये दिए गए। वहीं कुल्हीडोगरी की टीम को आदर्श टीम के लिए 1 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी खिलाड़ियों को उनके खेल योगदान के लिए सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और खेल समिति को टी-शर्ट भी वितरित की गई, जिससे आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खेल मैदान से साइबर सुरक्षा का संदेश
कबड्डी प्रतियोगिता के साथ पुलिस ने ग्रामीणों और खिलाड़ियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। पुलिस टीम ने OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड और UPI PIN किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड और APK फाइल डाउनलोड करने तथा स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप के जरिए होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की गई।
पुलिस ने फर्जी नौकरी, लॉटरी, निवेश और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने को कहा। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी गई। नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की भी अपील की गई।
कबीरधाम पुलिस ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। सिंगपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता इसी पहल का हिस्सा रही।