
दुर्ग। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में दुर्ग पुलिस एवं लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी ने संयुक्त पहल करते हुए पुलिस लाइन दुर्ग स्थित परेड ग्राउंड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और लायंस क्लब के सदस्यों ने मिलकर कुल 135 पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान PMJF लायन श्री ज्ञान चंद पाटनी, लायन सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, लायन स्नेहलता साहू, सचिव लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग श्री नीलकंठ वर्मा सहित लायंस क्लब के सदस्य तथा पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वृक्षारोपण के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और क्लब सदस्यों ने पौधे लगाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस लाइन परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ आम नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा पुलिस लाइन दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।