
भिलाई। आगामी ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस एवं प्रशासन ने मुस्लिम कमेटी के प्रमुखों और सदस्यों के साथ बैठक की। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, वालेंटियर और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने मुस्लिम कमेटियों से अपील की कि 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार संचालित किए जाएं तथा समय पर समाप्त हों। जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने और उनकी सूची संबंधित थानों में पर्व से पहले उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस एवं प्रशासन ने जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए निर्धारित मार्ग की एक ओर से जुलूस को व्यवस्थित तरीके से निकालने की समझाइश दी। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान सड़क पर अनावश्यक अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारू बना रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों की सुरक्षा का रखें ध्यान
बैठक में जुलूस के दौरान छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को तत्काल सहयोग करने कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, डिप्टी कलेक्टर प्रेमलाल साव, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान सेक्टर-06 जामा मस्जिद, गौसिया मस्जिद, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद, कैम्प-01, रूआबांधा, जामा मस्जिद दुर्ग और सीरत पाक दुर्ग सहित विभिन्न मुस्लिम कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुस्लिम कमेटी के प्रतिनिधियों ने निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने तथा पुलिस-प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने, निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।