
रिसाली, 21 अगस्त 2026। रिसाली नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों में कुल 2 करोड़ 55 लाख 25 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। शुक्रवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने मैत्रीनगर, शक्ति विहार, लक्ष्मी नगर और इस्पात नगर वार्ड में पहुंचकर इन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन कार्यों के तहत सड़क निर्माण एवं संधारण, नाली निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, पेवर ब्लॉक, पुलिया निर्माण, सामुदायिक भवन, उद्यान विकास, सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है और वे लगातार क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि स्वीकृत निर्माण कार्य पूरे होने के बाद वे जल्द ही इनके लोकार्पण के लिए भी पहुंचेंगे।
विधायक ने रिसाली निगम के सभी 40 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के स्वीकृत विकास कार्यों को पूरा कराने पर जोर दिया।
इन वार्डों में होंगे विकास कार्य
वार्ड क्रमांक 27 मैत्रीनगर: 44 लाख 9 हजार रुपये की लागत से नाली, पाथवे, गार्डन निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य किए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक 28 शक्ति विहार: 1 करोड़ 8 लाख 89 हजार रुपये की लागत से डोम शेड, नाली, पेवर ब्लॉक, पुलिया निर्माण, सड़क संधारण, उद्यान नवीनीकरण सहित विभिन्न कार्य होंगे।
वार्ड क्रमांक 29 लक्ष्मी नगर: 62 लाख 14 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे।
वार्ड क्रमांक 30 इस्पात नगर: 39 लाख 32 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।
पार्षद ने किया विधायक का अभिनंदन
इस्पात नगर वार्ड के पार्षद अनूप डे ने क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात देने के लिए विधायक ललित चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों की ओर से विधायक का अभिनंदन करते हुए शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद सुनंदा चंद्राकर, डॉ. सीमा साहू, अनूप डे, विलास राव बोरकर, धर्मेन्द्र भगत, गजेन्द्री कोठारी, ममता सिन्हा, मनीष यादव, शीला नारखेड़े, सविता ढवस, रमा साहू, ईश्वरी साहू, सरिता देवांगन, मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, राजू जंघेल सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।