
दुर्ग: सुपेला पुलिस ने लक्ष्मी मार्केट स्थित गोदाम से ए.सी. का कॉपर वायर चोरी करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी आकाश पाल को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई को गोदाम का पीछे का शटर टूटा मिलने और कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर दोनों को आकाशगंगा मार्केट के पास चोरी का कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाशते पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने 22 जुलाई की रात गोदाम के पीछे से शटर उठाकर अंदर प्रवेश करने और कॉपर वायर चोरी करने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा चोरी का कॉपर वायर बरामद किया गया।
आरोपी आकाश पाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।