
दुर्ग। रेंज साइबर थाना दुर्ग पुलिस ने बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड दिलाने का झांसा देकर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 6 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक और कई सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। जांच में इनके बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। साथ ही विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।
पुलिस के अनुसार रेंज साइबर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 में आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर पीड़ित को बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराकर लगभग 1.60 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
विवेचना के दौरान पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर साइबर टीम दिल्ली पहुंची और मनमीत सिंह (42), ईशांत माहे उर्फ ईशु (37) तथा अमनदीप सिंह (33) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने लालच में बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल एक नाइजीरियन साइबर ठगी नेटवर्क कर रहा था।
तीनों आरोपियों को 1 जुलाई 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
जब्त सामग्री
3 मोबाइल फोन
6 बैंक पासबुक
4 चेकबुक
विभिन्न सिम कार्ड
दुर्ग पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान से जुड़े कॉल और संदेशों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।