
जोरहाट। असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर लैंडिंग करने की कोशिश कर रहा था। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई और जोरदार विस्फोट की आवाज भी सुनाई दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान दो हिस्सों में टूट गया।
भारतीय वायुसेना ने बताया कि AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एयरफील्ड पर उतरने के दौरान रनवे से हटकर एयरबेस के घास और उबड़-खाबड़ हिस्से में जा पहुंचा, जिसके बाद यह हादसा हुआ। दुर्घटना के तुरंत बाद विमान में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एयरफोर्स की आपातकालीन और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आग बुझाने और राहत कार्य में जुट गईं। फिलहाल वायुसेना ने हादसे के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है और विस्तृत विवरण का इंतजार किया जा रहा है।
AN-32 एक दो इंजन वाला मध्यम श्रेणी का परिवहन विमान है, जिसे मूल रूप से सोवियत संघ में विकसित किया गया था। भारतीय वायुसेना लंबे समय से इस विमान का उपयोग सैनिकों, उपकरणों और अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन के लिए करती रही है।
वायुसेना ने कहा है कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।