
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमर्दा गांव में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची 112 वाहन और निजी एंबुलेंस का विरोध करते हुए तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान एंबुलेंस चालक और एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, भैंसमुडा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव उठाने का विरोध करने लगे। हालात उस समय और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची 112 वाहन और वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस को ग्रामीणों ने घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान एंबुलेंस चालक के साथ धक्का-मुक्की की गई और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा। बीच-बचाव के दौरान एक एसआई और एंबुलेंस चालक के घायल होने की सूचना है। एंबुलेंस चालक ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की कमी के चलते मौके पर पहुंचने में कुछ विलंब हुआ। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।