बालोद में बड़ी कार्रवाई: कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने किया जब्त


बालोद । बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। रकम से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुरुर थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नगद रकम बरामद हुई।


पुलिस पूछताछ में कारोबारी अमित जैन ने बताया कि वह यह रकम केशकाल से बालोद लेकर आ रहा था। हालांकि मौके पर रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी नगदी जब्त कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक कर्मचारियों की मदद से मशीन के जरिए नगदी की गिनती कराई गई। इस दौरान हनुमंत स्याम भी मौके पर मौजूद रहे।
फिलहाल पुरुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई जा रही थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *