
दुर्ग। थाना नेवई पुलिस ने हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी मनीष कुमार कोसरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्टेशन मरोदा क्षेत्र से हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया कुमारी टोडर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे उनका बड़ा बेटा मुकेश टोडर घर के सामने मोटरसाइकल पर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए मुकेश टोडर के सिर पर लगातार 10 से 12 बार हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में मुकेश टोडर के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नेवई में आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपी की लगातार तलाश की गई। बाद में स्टेशन मरोदा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेन्द्र तारम, प्रधान आरक्षक महावीर साहू, आरक्षक रवि बिसाई, प्यारे लाल एवं शाहबाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपराध क्रमांक: 339/2026
धारा: 109 बीएनएस
आरोपी: मनीष कुमार कोसरे, उम्र 29 वर्ष, निवासी विजय चौक स्टेशन मरोदा थाना नेवई
जप्त माल: घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल