दुर्ग में युवक की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, एक ही परिवार के 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या और उसके परिजनों पर जानलेवा हमले के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ईंट, डंडे, चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे जैतखाम के पास पुरानी रंजिश के चलते अक्षय कोठारी, उसके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और बल्ला उर्फ रोशन कोठारी पर आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लेखराम कोठारी की मौत हो गई, जबकि अन्य परिजनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर घटना के 12 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच करीब तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला कर लेखराम कोठारी की हत्या कर दी और अन्य लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी चेलक, आकाश चेलक, सत्यम चेलक, खेलू चेलक, प्रकाश चेलक और देवचंद चेलक शामिल हैं। सभी कुंदरापारा, पद्मनाभपुर के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *