धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा : रात्रि गश्त पर निकले प्रधान आरक्षक की मौत, नगर सैनिक गंभीर


धमतरी। शहर में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। रात्रि गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे ड्यूटी के दौरान शहर में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सिहावा चौक स्थित संजय आर्ट्स के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG 05 AV 0232 (हिंद ट्रांसपोर्ट) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *