14 महीने बाद हटाया गया ‘प्रभारी’ टैग, अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पूर्णकालिक DGP


रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। शनिवार को जारी आदेश के बाद अब वे आधिकारिक तौर पर प्रदेश पुलिस की कमान संभालेंगे।
गौरतलब है कि पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के सेवानिवृत्त होने के बाद राज्य सरकार ने अरुण देव गौतम को प्रभारी डीजीपी बनाया था। पिछले 14 महीनों से वे इसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूपीएससी से पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्ति को लेकर जवाब मांगे जाने के बाद यह मामला चर्चा में आया था। इसके बाद यूपीएससी ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था, जिसके बाद सरकार ने यह अहम आदेश जारी किया।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मूल निवासी अरुण देव गौतम छत्तीसगढ़ में लंबे समय तक गृह सचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और पुलिसिंग में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताया है।
अरुण देव गौतम को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र मेडल (कोसोवो), 2010 में भारतीय पुलिस पदक तथा 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *