दुर्ग में दर्दनाक हादसा: सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत


दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक मकान में भीषण आग लगने के बाद रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी स्थित एक घर में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
हादसे में अनिल वैष्णव (45 वर्ष), चांदनी (18 वर्ष), लक्ष्मी (20 वर्ष) और एक वर्षीय मासूम गोपिका वैष्णव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल और सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह पैकरा ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कुम्हारी थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे ने बताया कि घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ब्लास्ट इतना भयावह था कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। आग बुझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन तब तक पूरा घर आग की लपटों में घिर चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *