
दुर्ग। शहर के दुर्ग में सोमवार देर रात हुए खूनी संघर्ष से इलाके में सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे केजू राइस मिल के पास हुई। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवकों के बीच विवाद की शुरुआत गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर हुई थी, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि खूनी झड़प में बदल गया।
वारदात में राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।