
दुर्ग |
जिले में एक जिलाबदर बदमाश के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए छावनी थाना में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी और एसएसपी विजय अग्रवाल ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार छावनी थाना में पदस्थ आरक्षक नितिन सिंह राजपूत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह जिलाबदर बदमाश शेख अब्बास खान के साथ केक काटते नजर आ रहा है। वीडियो में बदमाश का भांजा भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जा रहा था, वह पूर्व में ड्रग्स से जुड़े मामले में जेल जा चुका है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया आरक्षक का आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के साथ मेलजोल सामने आया है, जो संदिग्ध आचरण की श्रेणी में आता है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार का व्यवहार पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाता है और अपराधियों के साथ अनुचित संबंध को दर्शाता है। इसी आधार पर आरक्षक को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।