रायपुर में सनसनी: एक जगह जमीन में दफन मिली लाश, दूसरे इलाके में नर कंकाल बरामद




दुर्ग । रायपुर जिले में दो अलग-अलग इलाकों से मानव शव मिलने की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। एक ओर अभनपुर क्षेत्र में जमीन में दफन एक युवक की लाश बरामद हुई है, वहीं दूसरी ओर उरला इलाके के मेटल पार्क से एक माह पुराना नर कंकाल मिला है। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पहला मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव का है। 21 मार्च को ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में जमीन के भीतर दफन एक शव देखा, जिसके हाथ और पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया।
शव की पहचान हाथ में बने टैटू के आधार पर रायपुर के शदाणी दरबार निवासी नितेश बत्रा के रूप में की गई। पुलिस के मुताबिक, शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर कुछ दिन पहले उसे जमीन में दफनाया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
वहीं दूसरे मामले में उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके से एक नर कंकाल बरामद हुआ है, जो करीब एक महीने पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही मामलों का खुलासा करने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *